थाना रामगढ़ के अंबेनगर निवासी ग्राम पंचायत सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मुलायम का बेटा गुरुवार शाम को अचानक गायब हो गया। परिजनों ने खोजबीन करने के बाद थाना पुलिस को तहरीर देकर अपहरण की आशंका जाहिर की है।
थाना रामगढ़ क्षेत्र के अंबेनगर गली नं. छह निवासी मुलायम सिंह यादव ग्राम पंचायत सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष हैं। उनका 18 वर्षीय पुत्र शाहिल किड्स कार्नर स्कूल में ही सीबीएसई बोर्ड से इंटरमीडिएट का छात्र है। मुलायम के अनुसार गुरुवार शाम को मां पुष्पादेवी से कोचिंग की कहकर शाहिल घर से गया था। उसके बाद देर शाम तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने बेटे का फोन भी लगाया लेकिन बात नहीं हो सकी।
मुलायम का कहना है कि बेटे को सभी रिश्तेदारियों में खोज लिया। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। उन्होंने बेटे की मोबाइल सर्विलांस पर लगवाई तो उसकी लोकेशन टूंडला तक मिली है। लेकिन उसके बाद कहीं कोई पता नहीं चल सका। पिता ने थाना रामगढ़ पुलिस को तहरीर दी है। डीपीआरओ यतेंद्र यादव ने पुलिस प्रशासन से कहा वह बेटे का पता लगाने में सहयोग करें। थानाध्यक्ष रामगढ़ का कहना है मामला संज्ञान में है। किसी साथी से दस हजार रुपये के लेनदेन का मामला है। पड़ताल की जा रही है।