सारा हत्याकांड में सीबीआई टीम की जांच गहराती जा रही है। शनिवार को सीबीआई टीम ने कई पहलुओं पर जांच शुरू करते हुए प्रत्यक्षदर्शियों के लिए बयान। साथ ही कई लोगों से पूछताछ की। वहीं, पुलिस ने सारा से जुडे़ सामानों को टीम के सुपुर्द कर दिया।
9 जुलाई 2015 को अमनमणि त्रिपाठी की कार पैगू रोड चौराहे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस दौरान अमनमणि कार से अपने आप बाहर आ गया था। वहीं, सारा को आसपास के लोगों की मदद से कार से बाहर निकलवाया गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने एक मैजिक में सारा और अमनमणि को बैठा कर इलाज के लिये अस्पताल भेजा था। नगर में अरांव रोड होकर सारा त्रिपाठी को लेकर मैजिक पहले अरांव रोड से शहर के अंदर आयी, लेकिन यहां के डाक्टरों ने जब उसे भर्ती करने से इनकार कर दिया तो सारा को मैजिक द्वारा ही जिला अस्पताल भेजा गया था। जहां चिकित्सकों ने सारा त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया था। अब सीबीआई टीम उन प्रत्यक्षदर्शियों की खोज में जुटी है, जो उस वक्त मौके पर मौजूद रहे। शनिवार को सीबीआई टीम ने छह लोगों को होटल नरसिंह प्लाजा पर बुलाकर बयान लिए। एक ग्रामीण युवक ने बताया कि सीबीआई टीम ने उनसे कई सवाल किये, जो घटना से जुडे़ थे। दोपहर में सीबीआई टीम ने विजय चौक पर आकर कई मैजिक चालकों से भी पूछताछ की। टीम यह जानने का प्रयास कर रही थी आखिर कौन सी मैजिक गाड़ी से सारा त्रिपाठी को सिरसागंज से जिला अस्पताल तक ले जाया गया था।
पुलिस ने सीबीआई टीम के सुपुर्द किया सामान
सिरसागंज(ब्यूरो)। सिरसागंज थाना पुलिस ने शनिवार को सीबीआई टीम द्वारा जारी किये गये नोटिस के अनुपालन में शनिवार को सारा त्रिपाठी की कार से मिले सामान सीबीआई टीम के सुपुर्द किये। इस सामान में सारा का पर्स, चप्पल, और कार की बैटरी व गाडी की रिंच आदि सीबीआई टीम के सुपुर्द किये। वहीं थाने के दो सिपाही सामान को होटल नरसिंह प्लाजा लेकर पहुंचे तो सीबीआई टीम ने भी सभी सामान की सुपुर्दगी लेकर सिपाहियों को रवाना कर दिया।