थाना जसराना क्षेत्र में मुस्तफाबाद मार्ग से पुलिस ने गोवंश से भरा ट्रक पकड़ा है। ट्रक में 40 गोवंशों को भरा गया था। इसमें एक गोवंश ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों की मदद से जिंदा गोवंश को गौशाला में भेजा गया। इस दौरान चालक और क्लीनर भाग गए। पुलिस का कहना है कि गोकसी के लिए गोवंश ले जाया जा रहा था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना जसराना पुलिस को रात करीब एक बजे सूचना मिली कि मुस्तफाबाद-शिकोहाबाद मार्ग पर
एक ट्रक खड़ा है। इसे 40 लोगों ने घेर रखा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक की जांच की। इसमें डबल स्टोरी बनाकर उसमें गोवंश को ठूंस रखा था। वहीं ट्रक की ऊपरी सतह पर धान की भूसी के बोरे रखकर तिरपाल से कसे गए थे। पुलिस ट्रक को खिंचवाकर थाने लेकर आई। यहां गोवंश को उतारा गया। थाने में गोवंश पकडे़ जाने की सूचना पर भाजपा, आरएसएस आदि संगठनों के लोग भी पहुंच गए। भाजपा के जिला महामंत्री राजीव गुप्ता, आरएसएस के नीलकमल यादव, त्रिलोकीनाथ शर्मा, डा. उम्मेद सिंह, रतनपाल सिंह चौहान, विकास राजपूत, भोले, अमित गुप्ता, ओमवीर सिंह गौ रक्षा समिति के ध्रुव कुमार, सुमित कुमार, अमित कुमार, निशांत कुमार, देशदीपक आदि ने गोवंश उतारने में पुलिस का सहयोग किया। ट्रक से 40 गोवंश बरामद हुए। इनमें एक गोवंश मृत अवस्था में मिला। एक गोवंश को दफनाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि ट्रक मालिक के साथ अन्य लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
नहीं थमे थाना प्रभारी के आंसू
जसराना (ब्यूरो)। गोवंश को ट्रक में भूसे की तरह भरा देख वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। वहीं ट्रक में निर्दयतापूर्ण ढंग से भरे होने के कारण एक गोवंश की मौत हो गई थी। इसे देखकर थाना प्रभारी अपने आंसू रोक नहीं सके।