वरमाला से पूर्व हुए विवाद के दौरान दुल्हन और उसके परिवारीजनों ने दुल्हा और उसके बहनोई की पिटाई कर दी। इसके चलते शादी की रस्म भी पूरी नहीं हो सकी। मामला थाने तक पहुंच गया। पुलिस ने घायल दुल्हा का जिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया है।
रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला सरजीवननगर निवासी युवक का विवाह इसी थाना क्षेत्र के मोहल्ला नगला मिर्जा निवासी एक युवती के साथ तय हुआ था। शुक्रवार रात युवक बारात लेकर युवती के दरबाजे पर पहुंच गया। यहां लड़का और लड़की पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। उस वक्त इस विवाद को वहां मौजूद लोगों ने समझा कर शांत करा दिया।
विवाद की जानकारी होने पर युवती ने फोन कर युवक को अपने घर बुला लिया। युवक अपने बहनोई के साथ दुल्हन के घर पहुंच गया, तो दुल्हन बनी युवती ने दुल्हा बने युवक और उसके बहनोई की पिटाई कर दी। दुल्हा और उसके बहनोई की पिटाई की जानकारी होने पर युवक के परिवारीजन मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस घायल दुल्हा को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। थानाध्यक्ष रामगढ़ ने बताया कि दुल्हन की पिटाई से घायल हुए दुल्हा का डाक्टरी परीक्षण कराया गया था। लेकिन तहरीर नहीं आई। इसलिए मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके साथ ही शादी भी टूट गई। पुलिस का कहना है कि लड़का पक्ष द्वारा दिए गए चढावे का सामान लड़की पक्ष को पसंद नहीं आया था, इस पर विवाद हुआ था।
फायरिंग के दौरान गोली लगने से युवक घायल
उत्तर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मायापुरी में दो पक्ष आमने सामने आ गए। मारपीट के दौरान फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। इस दौरान एक पक्ष से प्रदीप कुमार पुत्र राम सिंह गोली लगने से घायल हो गया। घायल को परिवारीजन उपचार को अस्पताल लेकर आए। हालत गंभीर होने पर आगरा रैफर कर दिया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। घटना के पीछे परिवारीक विवाद बताया गया है।
दो मोबाइल चोर गिरफ्तार
दक्षिण थाना पुलिस ने गश्त के दौरान बंटी गुप्ता पुत्र पुरुषोत्तम गुप्ता निवासी हिमायूंपुर और राहुल गोपाल पुत्र सुरेश चंद्र अग्रवाल निवासी दुर्गानगर थाना रसूलपुर को चोरी के 16 मोबाइलों सहित गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दोनों चोरों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
महिला लापता
दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हिमायूंपुर से लापता हुई ममता को 24 घंटे बीत जाने के बाद भी परिवारीजन उसका कोई सुराग नहीं लगा सके है। पीड़ित परिवारीजनों ने थाना दक्षिण पुलिस को तहरीर देकर महिला के लापता होने की जानकारी दी है।