शिक्षिका के साथ लूट के बाद सीसीटीवी फुटेज देखती पुलिस।
भारतीय स्टेट बैंक से पैसा निकालकर लौट रही शिक्षिका से पल्सर सवार बदमाशों ने पचास हजार रुपये लूट लिए। रुपये लूटने के बाद बदमाश औंछा की ओर भाग गए। पीड़िता के पुत्र के साथ पुलिस एवं कस्बे के लोगों ने लुटेरों का काफी दूर तक पीछा किया लेकिन बदमाश नहीं पकड़े जा सके।
थाना एका केे गांव नगला मधीपुर निवासी एवं हाल मोहल्ला गाड़ीवान निवासी सरिता पत्नी अनिल प्रताप अध्यापिका प्राथमिक विद्यालय अतुर्रा में कार्यरत है। वह अपने पुत्र अमित को बाइक दिलाने के लिए सोमवार को भारतीय स्टेट बैंक की शाखा जसराना से रुपये निकालकर घर आ रही थी। शिकोहाबाद रोड पर घर के सामने बाइक से उतरते ही पीछे से आई काली पल्सर सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारते हुए थैली को छीन लिया। थैली में साठ हजार रुपयों के साथ बैंक की पासबुक, एटीएम कार्ड एवं पैन कार्ड था। छीनाछपटी में थैली फटने से दस हजार रुपये की गड्डी सड़क पर गिर गई। लूट की घटना होते ही बाजार में हड़कंप मच गया। दुकानदारों के साथ अन्य लोगों की भीड़ लग गई। पीड़िता के पुत्र अमित के साथ अन्य लोगों ने लुटेरों का पीछा किया। इधर, लोगों को पीछा करते देखकर बाईपास चौराहे पर खड़ी पिकेट ने भी लुटेरों का पीछा किया। हालांकि बदमाश पकड़े में नहीं आ सके। इधर, सूचना पर थाना जसराना पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। क्षेत्राधिकारी ने गांवों में कांबिंग करने के साथ रेंज स्कीम लागू कराकर लुटेरों को पकड़वाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।