थाना अंतर्गत ग्राम मोहम्मदपुर मांड़ई निवासी कर्ज में डूबे युवा किसान ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहम्मदपुर मांड़ई निवासी किसान मनोज कुमार लोधी राजपूत (35) पुत्र अजब सिंह गांव के ही भूरे के साथ शराब पीता था। बताते हैं कि भूरे अवैध रूप से देशी शराब बेचता है। मनोज भूरे को अपनी फसल बेच-बेचकर शराब के पैसों का भुगतान करता था। इसका मनोज की पत्नी सरोज देवी विरोध करती थी। इस पर वह पत्नी के साथ मारपीट करता था। मनोज पर शराब का काफी कर्ज हो गया था। बुधवार को भूरे ने शराब के पैसे मांगे तो मनोज परेशान हो गया और दोपहर तीन बजे कमरे में लगी लोहे की रॉड पर केबिल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शराब ने परिवार उजाड़ा
शिकोहाबाद (ब्यूरो)। मनोज कुमार लोधी घर में इकलौता था। उसके चार पुत्र हैं। सबसे बड़ा पुत्र नौ वर्ष और सबसे छोटा दो वर्ष का है। पिता अजब सिंह की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। मनोज के पिता के जीवित रहते परिवार के पास सवा सौ बीघा जमीन थी। वर्तमान में मनोज और उसकी मां शीला देवी के पास महज 30 बीघा जमीन थी। मनोज दिनभर शराब के नशे में डूबा रहता। मां और पत्नी दोनों खेत पर काम करते थे।