पुलिस ने तमंचा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी।
विधानसभा चुनाव में हिंसा फैलाने की साजिश का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नारखी थाना के गांव खगरई में हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। इस दौरान आरोपियों प्रीतम उर्फ बंटी चुल्हावली थाना टूंडला, बंटी निवासी कांशीराम कालोनी गढ़ी छत्रपति नारखी और अमित कुमार शिंदे उर्फ जान सिंह नई आबादी रविदासनगर थाना रामगढ़ को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस ने मौके 22 तमंचे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
एसएसपी हिमांशु कुमार ने पत्रकारों को बताया कि मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को उत्तर पुलिस ने पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 19 तमंचे और एक पिस्टल नगला पान सहाय से बरामद किए थे। वहीं पुलिस को सूचना मिली कि नारखी के गांव खगरई में कुछ युवक विधानसभा चुनाव में दूसरे जनपदों में आपूर्ति करने के लिए हथियार बना रहे हैं। सूचना पर एसओजी प्रभारी शैलेंद्र यादव के साथ थानाध्यक्ष नारखी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 22 तमंचे, एक तमंचा 32 बोर के साथ तमंचा बनाने के औजार बरामद किए। आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। एसएसपी ने एलान किया कार्रवाई के दौरान टीम में मौजूद पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।
1500-2000 रुपये में बेचा जाता था एक तमंचा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही हथियारों की मांग भी बढ़ गई है। मांग पूरी करने के लिए दिन रात तमंचे बनाए जा रहे हैं। एक तमंचे को 15 सौ से दो हजार रुपये में बेचा जाता है। हालांकि मांग बढ़ने के साथ ही दाम में बढ़ोतरी हो गई और एक तमंचे की कीमत तकरीबन 2500 रुपये हैं।
गैर जिलों से आने लगे थे आर्डर
पुलिस अधिकारियों की मानें तो आरोपियों के पास से तमंचे खरीदने के लिए गैर जिलों से भी आर्डर आते थे। आर्डर किन लोगों द्वारा दिए गए थे? उनके नाम भी पुलिस को मिल गए हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने नाम सार्वजनिक करने से इनकार किया है। एसएसपी ने बताया कि कारोबार से जुड़े सभी लोगों पर शिकंजा कस गिरफ्तारी के लिए संबंधित थाना पुलिस को निर्देश दिए गए है।