बालक की मौत के बाद विलाप करते परिवारीजन
कांशीराम कालोनी के समीप स्थित तालाब में डूबने से दस वर्षीय बालक की मौत हो गई। यह बालक शनिवार की रात कालोनी के निकट लगी नुमाइश देखने के बाद मौसी के घर रूक गया था। हादसे में मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पजाया रूकनपुर निवासी शमशाद का दस वर्षीय पुत्र दानिश रात के समय कांशीराम कालोनी के निकट लगी नुमाइश देखने आया था। नुमाइश देखने के बाद देर हो जाने पर वह कांशीराम कालोनी में रहने वाली अपनी मौसी शाबरीन के यहां रूक गया था। सुबह कालोनी के समीप स्थित तालाब में उसकी लाश उतराई मिली। माना जा रहा है कि रात वह तालाब किनारे लघुशंका अथवा शौच के लिए गया होगा। तभी पैर फिसलने से यह हादसा हो गया। उधर, देर रात उसके घर नहीं लौटने पर परिवारीजन दानिश की तलाश में कांशीराम कालोनी आए। वहां बताया गया कि दानिश आया था, लेकिन फिर कहीं चला गया। सुबह कालोनी के लोगों ने शव देखा, तो कोहराम मच गया।