उद्योगपति संजय मित्तल अपहरण कांड में मुख्य आरोपी बॉक्सर की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती है। इसका प्रमुख कारण बॉक्सर के अतिरिक्त किसी बदमाश का नाम-पते की ठोस जानकारी नहीं होना है। इसके लिए पुलिस की एक टीम आगरा और टूंडला के लिए रवाना की गई।
उद्योगपति संजय मित्तल को अपहर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराने के साथ ही पुलिस ने आगरा के शातिर अपराधी उस्मान को गिरफ्तार किया था। उस्मान की गिरफ्तारी के बाद स्पष्ट हो गया था कि वारदात में उसके साथ कौन कौन अपराधी थे। हालांकि वारदात में शामिल बॉक्सर के अतिरिक्त अन्य बदमाशों के नाम पते की तस्दीक उस्मान नहीं कर सका है। ऐसे में बदमाशों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए खासा चुनौती भरा काम है। वारदात में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम रविवार को टूंडला और आगरा के लिए रवाना हुई। टीम टूंडला और आगरा पुलिस से संपर्क कर बॉक्सर और उस्मान के अन्य साथियों के बारे में जानकारी कर उनके ठिकानों की सुरागरशी करेगी।
इन बिंदुओं पर टीम करेगी काम
आगरा निवासी रिंकू बंसल के साथ लूट की वारदात में उस्मान के साथ कौन कौन बदमाश था? वह कहां के रहने वाले थे और उनके नाम पते क्या है? उस वारदात में शामिल बदमाश जेल में बंद हैं अथवा जमानत पर बाहर है? बॉक्सर पर टूंडला थाने में कितने मुकदमे है। आगरा में किन किन वारदातों को अंजाम दिया गया था। बॉक्सर एक अपहरण के मुकदमे में करीब पांच माह पूर्व जेल से जमानत पर बाहर आया था, ऐसे में यह भी पता लगाया जाएगा कि वह अपहरण किस थाना क्षेत्र से किया गया था। वारदात के दौरान उसके साथ कौन कौन बदमाश थे। दोनों बदमाशों पर आगरा के थानों में कुल कितने मुकदमे है। दोनों बदमाशों ने अपने कितने साथियों के साथ कौन कौन सी वारदात को अंजाम दिया।
डीजीपी करेंगे सम्मान
उद्योगपति संजय मित्तल को छह घंटे में बरामद करने और एक बदमाश की मय असलाह के गिरफ्तारी किए जाने पर डीजीपी द्वारा मंगलवार को लखनऊ में एसएसपी अजय कुमार तथा अन्य पुलिस अधिकारियों का भी सम्मान किया जाएगा।
उद्योगपति की कार को दक्षिण पुलिस ने लिया कब्जे में
एत्मादपुर से लावारिस हालत में बरामद उद्योगपति संजय मित्तल की कार को रविवार को दक्षिण पुलिस ने कब्जे में लिया है। हालांकि वारदात के दौरान प्रयोग की गई बोलेरो कार की पुलिस अभी भी तलाश कर रही है।
पुलिस के पास नहीं बॉक्सर का फोटो
फिरोजाबाद (ब्यूरो)। सीओ सिटी ओमकार यादव का कहना है कि बॉक्सर का फोटो नहीं है। बॉक्सर के साथ उसके साथियों की गिरफ्तारी को प्रयास किए जा रहे है। अपराधियों को हिरासत में लेने के साथ ही उनकी शिनाख्त करा ली जाएगी।