पकड़ा गया अंतर्जनपदीय गैंग का सदस्य।
हाईवे पर लग्जरी कार लूटने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के एक सदस्य विकास अजीत सिंह यादव निवासी शाहजहांपुर थाना जसवंत नगर इटावाको गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश के पास से हथियार और सिरसागंज से लूटी गई कार बरामद की गई है। पुलिस ने 13 अन्य लूट की घटनाओं का भी खुलासा किया है।
एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि बदमाश विकास अजीत सिंह यादव अपने साथियों के साथ हाईवे पर लग्जरी कारों को लूट करता है। दो अप्रैल को बदमाशों ने सिरसागंज थाना क्षेत्र के अरांव कट पर असलाह के बल पर एक कार लूटी थी। वारदात के दौरान बदमाशों ने फायरिंग भी की थी। पूछताछ में विकास ने लूट की 13 घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। बताया कि गिरोह में एक महिला सहित करीब आठ लोग शामिल है। पूछताछ में उसने अपने साथियों के नाम सुनील उर्फ रामकुमार निवासी महबूबपुर करहल मैनपुरी, विपिन निवासी घनश्यामपुर थाना जसवंत नगर इटावा, बिजेंद्र पुत्र बल्ले निवासी नवलपुर थाना सैफई इटावा और मोनू पंड़ित निवासी अमरसीपुरा इटावा बताए। पूछताछ में विकास ने बैंक लूट के लिए रेकी करने की बात भी कबूली। एसएसपी ने एसओजी प्रभारी शैलेंद्र यादव और उनकी टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। वहीं 15 हजार रुपये का पुरस्कार आईजी जोन आगरा की ओर से दिलाने के लिए पत्र लिखा है।
वीआईपी नंबर और सत्तारूढ़ दल का झंडा लगाते थे
विकास ने बताया कि वह लूट की कारों पर लखनऊ आदि स्थानों की फर्जी वीआईपी नंबर प्लेट और सत्ता रूढ़ पार्टी का झंडा लगा लेते थे। कार चलाते समय उसमे महिला को भी बैठा लेते थे। पूछताछ में महिला का नाम विनीता यादव निवासी न्यू फ्रेंड्स कालोनी इटावा बताया। महिला को शिकोहाबाद पुलिस लूट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
प्रेम जाल में फंसाता था युवतियों को
मूल रूप से जसवंत नगर के गांव शांहजहांपुर का रहने वाला विकास इंटर फेल है। हालांकि उसके पैरों में महंगे जूते और बदन पर ब्रांडेड कपड़े थे। इसी ठाठ बाट के चलते उसने कई युवतियों को अपने प्रेम जाल में फंसा रखा था। उनको महंगे गिफ्ट और कपड़े दिलाना भी विकास की आदत थी। इन पैसों का इंतजाम वह अपने साथियों के साथ लूटी गई कारों को बेच कर करता था।