अमहट घाट के किनारे शव मिलने पर लगी लोगो की भीड़।
नगर बाजार थानाक्षेत्र के भूअर सराय से रविवार को लापता हुए अधेड़ की अमहट पुल के पास लाश मिली। मुंह व नाक से बहकर सूख चुके खून की वजह से हत्या की आशंका व्यक्त की गई है। सूचना पर पहुंची यूपी-100 टीम ने शव कब्जे में ले लिया। कुछ ही देर में पहुंची नगर थाने की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि मुंह से खून आने की पुष्टि हुई है, बाकी कोई निशान शरीर पर नहीं मिला है। मृतक चौकीदार संगठन का जिलाध्यक्ष है।
नगर थानाक्षेत्र के भूअर सराय निवासी विष्णु प्रसाद (50) पुत्र रामजीत रविवार को गेहूं के खेत में बीच-बीच में लगाए गए सरसों निकाल रहे थे। करीब एक बजे किसी का फोन आया और वह बाइक लेकर उनसे मिलने चले गए। मृतक के भाई शिव प्रकाश ने थाने में दी गई तहरीर में लिखा है कि सोमवार शाम पांच बजे फोन पर बात हुई लेकिन रात में घंटी बजती रही लेकिन फोन नहीं उठा। परिवार के लोग खोजबीन करने लगे। मंगलवार को लगभग दस बजे अमहट पुल के दक्षिण-पूर्व स्थित बंधे के पास से गुजर रहे लोगों में से किसी ने नीचे पड़ी लाश देख कर शोर मचाया। कुछ देर बाद शव की शिनाख्त हुई।