हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना को लेकर ग्रामीणों के साथ मृतक युवक के परिवारीजनों में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करा शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
खैरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बैरनी निवासी प्रेमवीर सिंह यादव सुबह करीब आठ बजे खेत पर लगे नलकूप को चालू करने के लिए स्टार्टर का बटन दबा रहा था। तभी हाईटेंशन लाइन का तार 440 लाइन के विद्युत तारों पर टूटकर गिर गया। इसके चलते युवक को करंट लगा और वह अचेत होकर गिर पड़ा। जानकारी पर परिवारीजन आनन फानन में प्रेमवीर को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए।
युवक के शव को देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर थानाध्यक्ष खैरगढ़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास तिकया, लेकिन आक्रोशित लोग विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहे थे। इस पर पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई से तहरीर लेकर मामले को शांत करा दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष खैरगढ़ का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।