फिरोजाबाद। बुर्का पहनकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले गैंग के चार सदस्यों को थाना दक्षिण पुलिस ने जेल भेजा है। जबकि दो फरार हो गए।
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि बुर्का पहनकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले चार सदस्यों को थाना दक्षिण पुलिस ने बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान इन्होंने अपने नाम थाना दक्षिण मोहल्ला देवनगर निवासी रवि जैन, प्रतीक जैन, राहुल चौहान निवासी महावीर नगर, जोगेंद्र नगर निवासी विक्की जैन बताए हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 22 मोबाइल, दो बाइक, तीन तमंचा, छह कारतूस, एक छुरा, दो पिस्टल नुमा लाइटर, तीन सुतली के बंडल, महिला पर्स, तीन बुर्के बरामद किए हैं। जबकि देवनगर निवासी बबलू जैन, शालू उर्फ शानू यादव मौके से फरार हो गए एसपी सिटी ने बताया रवि और राहुल चौहान गैंग लीडर हैं। इन दोनों ने लूट की योजना 15 दिन पूर्व बनाई थी।
रवि जैन ने बताया मोहल्ला में सराफा व्यापारी रहता है जिसकी दुकान खिड़की स्थित सराफा बाजार में हैं। वह सुबह दस बजे दुकान पर चला जाता है और शाम को घर वापस आता है। उसकी पत्नी एवं बच्चे घर में रहते हैं। उन्हीं के मुंह में टेप लगाकर कमरे में बंद करके लूटपाट करने की योजना थी। सोचा था बुर्का पहनकर जाएंगे तो हमारी पहचान नहीं होगी और लूट की घटना को आसानी से अंजाम दे सकेंगे।
मोबाइल छिनैती की घटनाओं को देते थे अंजाम
एसपी सिटी ने कहा पकड़े गए लुटेरे शहर में मोबाइल छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते हैं। मोबाइल फोन को छीनने के बाद बबलू जैन को बिक्री करते हैं। वह मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता है। मोबाइल की ईएमआई को बदलकर उसकी बिक्री कर देते हैं। मोबाइल एक हजार से पांच हजार रुपया तक में खरीद लेता था।उन्होंने स्वीकारा कि करीब सौ मोबाइल बिक्री कर चुके हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 22 मोबाइल बरामद किए हैं।