ट्रॉला चालक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज
-मंगलवार की देर रात मीरा ग्लास में ट्रॉला की चपेट में आकर हुई थी श्रमिक की मौत
फिरोजाबाद। मंगलवार की देर रात को थाना दक्षिण क्षेत्रांर्गत ग्लास फैक्टरी में ट्रॉला की चपेट में आकर श्रमिक की मौत हो गई थी। श्रमिक के पिता ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मंगलवार की देर रात करीब पौने ग्यारह बजे थाना दक्षिण क्षेत्रांर्गत मीरा ग्लास के भीतर ट्रॉला को बैक करते समय टीटू उर्फ हरीशंकर पुत्र पूरन सिंह निवासी रूधऊ चपेट में आ गया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। श्रमिक की मौत के बाद गुस्साए श्रमिकों ने फैक्टरी के अंदर काफी देर हंगामा किया। हंगामा की सूचना पर सीओ सिटी संजय वर्मा के नेतृत्व में कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस के अथक प्रयासों के बाद श्रमिकों ने शव को मौके से उठने दिया। घटना के बाद श्रमिक के परिजनों व फैक्टरी स्वामी के मध्य काफी देर तक वार्ता होती रही। वार्ता के उपरांत देर रात को मृतक श्रमिक के पिता पूरन सिंह की तहरीर पर थाना दक्षिण में अज्ञात ट्रॉला चालक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।