गंज मोहल्ला स्थित दुकानदार के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद सदर बाजार में तैनात पुलिस फोर्स
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। सदर बाजार में कपड़ा व्यापारी के साथ शनिवार को हुई मारपीट की घटना के दूसरे दिन बाजार में फोर्स तैनात रही। इधर व्यापारियों के माध्यम से भी समझौते की बात चलती रही। एसएचओ उत्तर अनूप कुमार भारतीय ने कहा कि दोनों पक्षों में समझौते की जानकारी मिली है। इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
थाना दक्षिण के मोहल्ला कटरा सुनारान निवासी अमित वार्ष्णेय की गंज चौराहे पर रेडीमेड कपड़े की दुकान है। अमित की दुकान पर पहले नासिर नामक युवक काम करता था। अब उसने भाई के साथ ही मिलकर ड्रेस का काम कर लिया है। शनिवार को सुबह कपड़े उधार लेने को अमित की दुकान पर पहुंचा था। अमित ने कपड़े उधार नहीं दिए तो अभद्रता एवं मारपीट कर दी थी। मारपीट की घटना के बाद पहुंचे नासिर के परिजनों ने गाली गलौज के साथ मारपीट की। मारपीट होते देख बाजार में भगदड़ मच गई।
एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र ने मौके पर जाकर स्थिति को संभाला। मामला दो समुदाय के बीच होने के कारण पुलिस काफी सावधानी बरत रही है। थाना पुलिस ने व्यापारी अमित वार्ष्णेय की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार को मोहल्ला गंज में पुलिस फोर्स तैनात रही। एसएचओ थाना उत्तर अनूप कुमार भारतीय ने कहा कि बाजार में पुलिस फोर्स तैनात रही थी। दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है।