फिरोजाबाद। बिजलीघर के पास टाइपिस्ट हरीश कुमार कुशवाह की हत्या के बाद पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम करवाया। इस दौरान वीडियोग्राफी भी करवाई गई। उधर पुलिस ने नामजद किए गए पार्षद पति सहित पांचों आरोपियों की तलाश में दबिश भी दी।
थाना उत्तर के टापाखुर्द निवासी हरीश कुमार कुशवाह पुत्र कालीचरन कुशवाह की हत्या के मामले में मृतक के पिता ने द्वारिकापुरी निवासी पार्षद पति गेंदालाल राठौर, सतीश, आशू व गुल्ला उर्फ संजय व सौरभ पर हत्या करने व धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी को कई स्थानों पर दबिश दी। लेकिन कोई हाथ नहीं आया।
उधर हरीश कुमार के शव का पोस्टमार्टम परिजनों की मांग पर डाक्टर के पैनल बनाकर किया गया। इसमें डा. राहुल जैन व डा. भरत पाठक रहे। विधायक मनीष असीजा और भाजपा जिला उपाध्यक्ष त्रिलोक चंद्र कुशवाह ने परिजनों से मुलाकात की। सीओ सदर हीरालाल कनौजिया ने कहा कि हरीश की हत्या के मामले में लगातार दबिश दी जा रही है, कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उम्मीद है कि हत्या के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
हत्या से एक दिन पूर्व धमकी दी थी
फिरोजाबाद। हरीश के पिता कालीचरन ने बताया कि 18मार्च शाम को साढ़े आठ बजे सतीश पुत्र जयवीर व गेंदालाल राठौर घर पर आए थे। इस दौरान धमकी देने के साथ गाली गलौज करते हुए कहा एक दो दिन में परिणाम देख लेना।
बिश्नू की हत्या में पूरा परिवार गया था जेल
फिरोजाबाद। कालीचरन ने बताया कि थाना उत्तर टापाखुर्द निवासी बिश्नू राठौर पुत्र सतीशचंद्र राठौर की हत्या में पुलिस ने पूरे परिवार को जेल भेजा था। इसमें हरीश कुमार, अबधेश कुमार, रामकुमार, छोटेलाल चार भाई के साथ पिता कालीचरन,मां मुन्नीदेवी हरीश की पत्नी रीना देवी अवधेश की पत्नी यशोदा देवी को पुलिस ने जेल भेज दिया था।