किहाबाद खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन के अधिकारी सिंथैटिक दूध बनाने के सामान को देखते हुए।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने बुधवार को शंभूनगर के एक मकान पर छापा मारा। यहां तलघर में सिंथेटिक दूध बनाया जा रहा था। मौके से सिंथेटिक दूध बनाने के लिए तैयार किया गया केमिकल, रिफाइंड व मिल्क पाउडर का घोल और अन्य सामान बरामद किया है। इसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है।
मोहल्ला शंभूनगर की कादारी कॉलोनी में राजेंद्र सिंह यादव के मकान के तलघर में यह धंधा चल रहा था। इसकी सूचना एफएसडीए के अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार सिंह को मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण मिश्रा, विनय यादव और रविभान सिंह सुबह बताए मकान पर छापा मारा। घर की महिलाओं व युवक ने कार्रवाई का विरोध किया। टीम ने मकान के तलघर में जाकर देखा तो वहां सिंथेटिक दूध बनाया जा रहा था। हालांकि मौके पर मिले दो युवक और एक महिला भाग गए। मौके पर केमिकल, रिफाइंड और मिल्क पाउडर से बनाया गया घोल बरामद किया है। इसका सैंपल भी लिया है। दूध की कैन से भरा एक लोडर वाहन जब्त कर लिया। अभिहित अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीएस कुशवाह और स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही।