फिरोजाबाद/फरिहा। थाना फरिहा के गांव जलालपुर में एक विवाहिता रविवार सुबह फांसी के फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। महिला का पांच माह का बेटा है और उसका मायका मैनपुरी के घिरोर क्षेत्र में है।
जलालपुर निवासी मोनू (25) पत्नी सोनू ने शनिवार रात घर में लोहे के कुंडे से फांसी का फंदा कसकर लटक गई। परिजनों ने रविवार सुबह मोनू को फंदे पर लटके देखा तो चीख-पुकार मच गई। फंदे से उसे नीचे उतार कर डॉक्टर के पास ले गए। वहां उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने थाना पुलिस को सूचना दी। एसएचओ फरिहा सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।
एसएचओ फरिहा ने बताया कि मोनू की शादी दो साल पूर्व हुई थी। उसका मायका जिला मैनपुरी के थाना घिरोर क्षेत्र के भगिया गांव में है। उसका पांच माह का एक बेटा है। मायका पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। कहा कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।