बिजली करंट लगने से लाइन मैन की मौत के बाद जिला अस्पताल में मौजूद स्टाफ के साथ परिवार के लोग
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद-शिकोहाबाद। शट डाउन लेकर लाइट सही कर रहे संविदाकर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। उसकी मौत से गुस्साए परिजनों ने शव फीडर पर रखकर जाम लगाया। सूचना पर पहुंचे सामाजिक संगठनों ने मामले में समझौता करा दिया। जसराना के गांव नूरपुर (आसुदेव मई) निवासी भारत सिंह (42) दस वर्ष से विद्युत विभाग में संविदा पर लाइनमैन के पद पर खैरगढ़ में कार्यरत था। नौशेहरा फीडर पर 11 हजार की लाइन में फॉल्ट हो गया था। जेई अनिल कुमार की मौजूदगी में लाइनमैन पोल पर चढ़कर बुधवार शाम सात बजे फॉल्ट सही कर रहा था, तभी अचानक उसे करंट लगा और पोल से नीचे गिर गया, उसे सरकारी ट्रॉमा सेंटर फिरोजाबाद ले जाया गया।
जहां उपचार के दौरान रात में उसने दम तोड़ दिया। इस पर परिजनों ने उसका शव नौशहरा फीडर पर रख दिया और हंगामा करते हुए जेई को बुलाने की मांग की। बाद में शव आवास विकास कॉलोनी स्थित एक्सईएन कार्यालय ले गए। यहां अखिल भारतीय अग्रबंधु गो सेवा ट्रस्ट के प्रदेश प्रचार प्रसार मंत्री अशोक राजपूत, अशोक शुक्ला सहित कई नेता पहुंचे और उन्होंने समझौता कराया। पत्नी को पांच लाख का चेक और आजीवन पेंशन देने का आश्वासन दिया तब परिजन शांत हुए। भारत की मौत के बाद उसके चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।