जिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगवाती महिला
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। कोरोना से सुरक्षा देने में सुहागनगरी ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। मेगा कैंप में एक दिन में 23 हजार से ज्यादा लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। जो अभी तक सर्वाधिक है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग अपने लक्ष्य से काफी पिछड़ गया है। स्वास्थ्य विभाग इतने बड़े स्तर पर टीकाकरण कैंप आयोजित कराने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। सीएमओ और नोडल अधिकारियों ने मॉनिटरिंग की। जनप्रतिनिधि भी कोरोना टीकाकरण केंद्रों पर उत्साह बढ़ाते रहे।
कोरोना की तीसरी लहर का समय नजदीक आने पर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अधिकाधिक लोगों को टीकाकरण कराने के लिए मंगलवार को मेगा कैंप का आयोजन जनपद में किया गया। इसमें 193 स्थानों पर कोरोना का टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग का फोकस उन स्थानों पर अधिक रहा, जहां कोरोना का टीका अभी तक पहुंचा नहीं है। जब लोगों ने वैक्सीन को घर के नजदीक स्थानों पर पाया तो टीकाकरण कराने वालों की भीड़ टूटी। ग्राम प्रधान, आशा, जनप्रतिनिधियों ने भी सहयोग किया। सीएमओ डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ, नोडल अधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव ने भी टीकाकरण कैंप का निरीक्षण किया। नगर विधायक मनीष असीजा भी टीकाकरण केंद्रों पर लोगों को जागरुक करने के लिए पहुंचे।
जितना अधिक टीकाकरण, उतनी ज्यादा सुरक्षा
शासन के निर्देशन पर पूरे जनपद में मेगा कैंप का आयोजन किया गया है। टीकाकरण के लिए लोगों में उत्साह रहा। 23 हजार से अधिक लोगों ने टीकाकरण कराया है। जितना अधिक लोग टीकाकरण कराएंगे, उतना ही जनपद कोरोना से सुरक्षित रहेगा। इसलिए कोरोना की तीसरी लहर के लिए सभी की जिम्मेदारी है कि अधिकाधिक लोग टीकाकरण कराएं। -डॉ. नीता, सीएमओ