तेजी से बढ़ रहा कोरोना, एक सप्ताह में 14 गुना बढ़े केस
फिरोजाबाद। कोरोना तेजी से पांव पसर रहा है। जिले में एक सप्ताह में 14 गुना मामले बढ़ गए है। पहले सप्ताह में सक्रिय मामले 33 थे, जो दूसरे सप्ताह में 486 पहुंच गए हैं। पिछले तीन दिनों में ही कोरोना के 287 मामले सामने आए हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
निजी चिकित्सकों के पास पहुंच रहे ज्यादातर लोगों में कोरोना जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। कोरोना जांच रिपोर्ट देरी से आने के कारण चिकित्सक उसका इलाज शुरू कर रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के परामर्शदाता डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि हमें दो गज दूरी, मास्क है जरूरी का पालन करना होगा। इसका पालन बहुत कम करते दिख रहे हैं। सावधानी ही एक से दूसरे व्यक्ति में संक्रमण फैलने से बचाएगी। हाथों की सफाई का ध्यान रखें और अनावश्यक रूप से भीड़ वाले स्थानों पर न जाएं।
नहीं हो रही सख्ती
प्रशासन द्वारा सख्ती से कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं किया जा रहा है। बाजार, वाहनों और होटलों में कोविड नियमों का पालन नहीं हो रहा है। लोग मास्क नहीं लगा रहे हैं। जिन इलाकों में कोविड संक्रमित मिले हैं उनमें भी किसी प्रकार की सख्ती नहीं हैं। इस बार लोग ज्यादा गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।