फिरोजाबाद। कोरोना के संक्रमण फैलने से रोकने के कारण शहर के हॉट-स्पॉट इलाके की करीब एक लाख लोगों की आबादी घरों में कैद हो गई है। गलियों में सन्नाटा पसरा है। जरूरत के ही सामान की आपूर्ति करने वालों की आवाजाही है। पास को देखने के बाद प्रवेश दिया जा रहा है। पुलिस की गाड़ियां हार्न बजाते हुए गश्त कर रहीं हैं। घरों से बाहर निकलने के बजाय खिड़कियों से झांकते दिखाई दे रहे हैं।
सुहागनगरी में तब्लीगी जमात दिल्ली से जुड़े चार जमातियों में कोरोना पॉजिटिव आने के बाद शहर के शीशग्रान, हुसैनी मस्जिद, होली वाली भट्टी के पास मोती मस्जिद क्षेत्र, दुर्गेश नगर में सलमान फारुकी मस्जिद इलाके पर पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की नजरें टिक गईं हैं। क्योंकि इन्हीं इलाकों में जमात से जुड़े लोग ठहरे थे। इसके बाद जमात से संपर्क में आने वाले चार संक्रमित मिले हैं वहीं दिल्ली की जमात से जुड़े दो युवकों में कोरोना पॉजिटिव मिला था। इस प्रकार फिरोजाबाद शहर में दस लोग संक्रमित मिले हैं। शासन की ओर से इसके बाद इन इलाकों को सील करने के आदेश दे दिए हैं।
शुक्रवार को घंटाघर चौराहे से आगे बढ़ते ही इलाके में प्रत्येक गली के नाके पर पुलिस फोर्स के बैरियर लगे ही दिखाई दिए। तीन इलाकों में करीब एक लाख की आबादी घरों में कैद है। गलियों में सन्नाटा पसरा है। इन क्षेत्रों में रसोई गैस सिलिंडर, दूध, राशन सामग्री की होम डिलीवरी करने को टीमें पहुंची। इनके द्वारा आपूर्ति किए जाने का काम किया जा रहा था। ताकि किसी को कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। शीशग्रान, झमैय्या टोला, अशरफ गंज, पुराना रसूल पुर इलाका के साथ अन्य क्षेत्रों में इसी तरह की स्थिति देखने को मिली। सील इलाके में एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह व नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह, सीओ सिटी डॉ. अरुण कुमार सिंह, एसएचओ रसूलपुर फतेह बहादुर सिंह भदौरिया, दक्षिण प्रमोद मलिक, सामून अली, मोहम्मद उमर फारुक के साथ फोर्स मुस्तैद दिखाई दिया। एसएसपी सचिंद्र पटेल इस क्षेत्र के नाकाबंदी की निगरानी खुद कर रहे हैं। डीएम चंद्र विजय सिंह ने आवश्यक सामग्री की आपूर्ति को सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं।
ड्रोन कैमरे से की जा रही है निगरानी
फिरोजाबाद। सील किए गए इलाके की निगरानी को ड्रोन कैमरे का प्रयोग किया जा रहा है। इस कैमरे के माध्यम से कोई गलियों में तो नहीं घूम रहा है इसकी निगरानी कराई जा रही है। कैमरों को लेकर टीम शुक्रवार को अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय दिखी। ड्रोन के माध्यम से कुछ क्षेत्रों में लोग बाहर दिखाई दिए परंतु जब कैमरा उड़ा तो घरों की ओर दौड़ते दिख रहे हैं। एसएसपी ने साफ कहा कि बाहर निकलने वालों पर कार्रवाई होगी।