फिरोजाबाद। बिजली बिल से लेकर विभागीय स्तर पर उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान में अब देर नहीं लगेगी। पावर कार्पोरेशन ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए संभव पोर्टल शुरू किया गया है। अब प्रत्येक सोमवार को डिवीजन स्तर पर बिजली अधिकारी खुद मौजूद रहकर उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनेंगे और तत्काल निस्तारण कराएंगे।
शिकायतों का समय से निस्तारण, संतुष्टि एवं समदृष्टि का लक्ष्य बनाकर बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को दूर करने के लिए संभव पोर्टल शुरू किया गया है। समाधान दिवस की तर्ज पर शुरू किया गए पावर कार्पोरेशन के संभव पोर्टल के संचालन की कवायद तेज हो गई है। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान की रूपरेखा के तहत डिवीजन स्तर पर प्रत्येक सोमवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक अधिशासी अभियंता की मौजूदगी में उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। संभव पोर्टल उपभोक्ताओं की सुविधाओं को ध्यान मे रखकर बनाया गया है।
यदि उपभोक्ता समस्याओं को लेकर किसी स्तर पर स्थानीय अधिकरियों से संतुष्ट न हो तो उच्च स्तर पर अपनी समस्याओं का निदान करा सकता है। शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। उपभोक्ता बिजली संबंधी कोई भी शिकायत दर्ज करा सकता है। बिजली बिल में गड़बड़ी से लेकर तार बदलवाने, लाइन में फाल्ट होने, अफसरों-कर्मचारियों द्वारा सुनवाई नहीं करने समेत अन्य शिकायतें सुनी जाएंगी। स्तर पर समाधान की स्थिति की उच्चाधिकारी मानीटरिंग करेंगे। यहां पर आने वाली समस्याओं का ससमय निस्तारण कराया जाएगा। अधीक्षण अभियंता ग्रामीण हरीश बंसल ने बताया कि शिकायतों का निरस्तारण समय से हो सकेगा। संभव पोर्टल से अपनी शिकायत का निरस्तारण करा सकेंगे।