दो चोरियों का खुलासा, एक गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। शनिवार रात लाइनपार थाना पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर दो चोरियों का खुलासा कर दिया। पकड़े गए बदमाश के पास से चोरी किए गए सोने चांदी के आभूषणों के साथ तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक लाइनपार आजाद पाल सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कब्रिस्तान रेलवे लाइन के पास से करुआ उर्फ कलियान निवासी बरनाहल जनद मैनपुरी को शुक्रवार रात करीब पौने नौ बजे गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई। आरोपी ने बताया कि उसके द्वारा छह मई को अनसार निवासी लेबर कॉलोनी लाइनपार व 11 मई की रात लेबर कॉलोनी बेस्ट ग्लास के पास निवास करने वाले मोहम्मद आफताब के घर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पकड़े गए बदमाश के कब्जे से पुलिस ने एक तंमचा 315 बोर,तीन कारतूस, चांदी की अंगूठी, एक नग तोडिया, चांदी की पाईजेब एक जोड़ी, एक जंजीर चांदी तथा दो खडुआ चांदी के बरामद किए गए हैं। पकड़े गए बदमाश के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष लाइनपार आजाद पाल सिंह ने बताया कि करुआ उर्फ कालिया अकेली ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया करता था।
महिला झुलसी
फिरोजाबाद। मटसेना थाना क्षेत्र के गांव नगला प्रानसुख निवासी वर्षा (20) शनिवार की दोपहर खाना बनाते समय साड़ी में आग लगने से झुलस गई। परिजन उसको उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां महिला की हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया।
चार वारंटी गिरफ्तार
फिरोजाबाद। वांरटियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए गए अभियान के दौरान फिरोजाबाद पुलिस ने चार वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सिरसागंज थाना पुलिस द्वरा महेंद्र सिंह निवासी नगला भूपाल थाना सिरसागंज, उत्तर पुलिस ने जुम्मन उर्फ वेदप्रकाश निवासी मोहल्ला दखल थाना उत्तर, अजय शर्मा निवासी तिलक नगर थाना उत्तर को गिरफ्तार किया। वहीं लाइनपार थाना पुलिस ने ओमप्रकाश निवासी नगला तौर थाना जसवंत नगर इटावा को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई कर जेल भेज दिया।
दानपात्र से चोरी करते महिला को पकड़ा
टूंडला। सारस्वत एन्क्लेव स्थित मंदिर में दानपात्र से चोरी करती एक महिला को रंगे हाथ लोगों ने पकड़ लिया। पकड़ी गई महिला को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। शनिवार दोपहर बाद मंदिर मंदिर के पास से कुछ महिलाएं गुजर रही थी। इस बीच उन्होंने देखा कि मंदिर में एक महिला दानपात्र का ताला तोड़कर चोरी कर रही है। यह देख महिलाओं ने शोर मचाते हुए उस महिला को पकड़ लिया। महिलाओं व आसपास के लोगों ने महिला से उसका नाम पता पूछा तो वह कभी कुछ तो कभी कुछ नाम पते बता रही थी। ऐसे में लोगों ने उसे पुलिस को बुलाते हुए उसके हवाले कर दिया। थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है।
दो बाइक की टक्कर में पति पत्नी घायल
कठफोरी। सिरसागंज थाना क्षेत्र के उखरेंड बाईपास मार्ग पर दो बाइक की भिड़त में पति पत्नी घायल हो गए। जिनको उपचार के लिए इटावा भेजा गया है। हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे रणवीर सिंह डिग्री कॉलेज के सामने हुआ था। घायलों के नाम नरेश (42) उसकी पत्नी ललिता देवी (40) निवासी निजामपुर थाना बलरई इटावा के रहने वाले है। जो बाइक से कहीं जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक भी घायल हुए थे। सूचना पर पहुंची सिरसागंज पुलिस ने घायलों को इटावा अस्पताल भेज दिया।
महिला की मौत
फिरोजाबाद। जिला अस्पताल (मेडिकल कॉलेज) में उपचार करा रही महिला की शुक्रवार रात मौत हो गई। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाने के साथ ही उत्तर पुलिस को सूचना दी। महिला को बीमारी की हालत में कुछ लोगों द्वारा उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। थानाध्यक्ष उत्तर संजीव दुबे का कहना है कि महिला के शव की पहचान को प्रयास किए जा रहे हैं।
41 लीटर शराब सहित एक गिरफ्तार
मक्खनपुर। थाना मक्खनपुर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बिल्टीगढ़ चौराहा के समीप से गजेंद्र सिंह निवासी ग्राम इंदरई मक्खनपुर को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष मक्खनपुर महेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 41 लीटर शराब बरामद की गई है।
जिले के 8.40 लाख पशुओं को शीघ्र लगेगा खुरपका-मुंहपका का टीका
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जिले की आठ लाख 40 हजार गौवंशीय एवं महर्षि वंशीय पशुओं को शीघ्र ही खुरपका-मुंहपका टीका लगाया जाएगा। पशु चिकित्सा विभाग की ओर से इसकी तैयारी की जा रही है। पिछले वर्ष वैक्सीन की उपलब्धता नहीं होने के कारण पशुओं के टीकाकरण नहीं हो सका था। विभाग ने इस बार तो बारिश शुरू होने से पहले ही टीका लगाए जाने की तैयारी करनी शुरू कर दी है। ताकि बारिश के दिनों में पशुओं में होने वाले रोग की रोकथाम की जा सके। यह जानकारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार ने दी।
झोपड़ी में लगी आग
एका। थाना एका क्षेत्र के गांव रामपुर निवासी चंद्रपाल की झोपड़ी में शनिवार दोपहर आग लग गई। पीड़ित परिजनों द्वारा शोरगुल किया गया तो ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। आग लगने से पूरी झोपड़ी जलकर रखा हो गया। झोपड़ी में आग लगने की सूचना पर एका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
युवक, मौत
टूंडला। फिरोजाबाद हाइवे पर शुक्रवार देर शम एक अज्ञात युवक घायलावस्था में मिला। उपचार के लिए उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात 10 बजे करीब की है। थाना प्रभारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि युवक को किसी वाहन ने टक्कर मारी है अथवा किसी वाहन से गिरा है। जानकारी नहीं हो सकी है। शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है।