चीफ प्रॉक्टर पद से हटाए गए डॉ. शहरयार
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। शनिवार को परीक्षा के समय हंगामा और शिक्षकों के बीच हुई कहासुनी के मामले में प्राचार्य ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई की। प्राचार्य ने कक्ष ड्यूटी लगाने के विरोध में हंगामा करने वाले डॉ. शहरयार अली को चीफ प्रॉक्टर के पद से हटा दिया। कॉलेज में अनुशासन बनाए रखने को तदर्थ समिति गठित कर दी गई। दो अन्य शिक्षकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैैं।
शनिवार को एसआरके महाविद्यालय में बीकॉम और एमए की परीक्षा थी। संख्या अधिक होने के कारण मुख्य अनुशासन अधिकारी (चीफ प्रॉक्टर) डॉ. शहरयार अली की ड्यूूटी भी कक्ष निरीक्षक के तौर पर लगाई गई थी। इसे लेकर डॉ. शहरयार अली और परीक्षा अधीक्षक डॉ. अमरप्रकाश के मध्य परीक्षाकाल में वाक युद्ध हुआ। मारपीट की नौबत आ गई। हालांकि प्राचार्य और शिक्षकों ने बीच बचाव कर मामले को शांत किया। इस प्रकरण में पूरी जानकारी करने के बाद कॉलेज प्राचार्य डॉ. प्रमोद सिरोठिया ने डॉ. शहरयार अली को चीफ प्रॉक्टर के पद से हटा दिया। उनका साथ देने और काली पट्टी बांध कर काम करने वाले दो शिक्षकों डॉ. एमए सिद्दीकी और डॉ. प्रशांत अग्रवाल को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। कॉलेज में अनुशासनात्मक गतिविधियों को सुचारू रखने के लिए डॉ. कविता अग्रवाल व सुबोध कुमार सहित आठ सदस्यीय अनुशासन समिति गठित की गई है।
कॉलेज की प्रतिष्ठा और अनुशासन सर्वोपरि है। डॉ. शहरयार अली को चीफ प्रॉक्टर के पद से हटा कर जवाब तलब किया गया है। शनिवार की घटना के बाद काली पट्टी बांध कर काम करने और आपसी वाद-विवाद में शामिल रहे डॉ. प्रशांत अग्रवाल व डॉ. एमए सिद्दीकी को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. प्रमोद कुमार सिरोठिया, प्राचार्य, एसआरके महाविद्यालय