फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जनगणना: स्व-गणना अभियान आज से, विवाह की उम्र और बैंक खातों समेत 40 बिंदुओं पर देनी होगी जानकारी

Sun, 15 Nov 2026 11:40 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फिरोजाबाद। जिले में आज से 30 नवंबर तक स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो गई है। नागरिक घर बैठे वेबसाइट के जरिये विवाह के समय की उम्र और बैंक खातों की संख्या सहित 40 बिंदुओं पर अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस महत्वपूर्ण कार्य में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जाए। इसके बाद 1 दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर डेटा संकलित करेंगे।
विज्ञापन


डीएम ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को इस स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। निर्देश दिए हैं कि यह राष्ट्र निर्माण से जुड़ा कार्य है, इसलिए इसमें अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। सभी विभाग शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें और इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की ओर से जिले के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे बढ़-चढ़कर इस अभियान में हिस्सा लें।

40 बिंदुओं पर देनी होगी विस्तृत जानकारी

इस स्व-गणना प्रक्रिया के तहत नागरिकों को विवाह के समय की उम्र, बैंक खातों की संख्या और पते जैसी महत्वपूर्ण व्यक्तिगत जानकारियों सहित कुल 40 बिंदुओं पर अपना ब्योरा दर्ज कराना होगा। प्रशासनिक अधिकारियों की इस पर पैनी नजर रहेगी और प्रशासन के पास हर रोज शाम को स्व-गणना का अपडेटेड डाटा पहुंचता रहेगा, जिसके आधार पर अधिकारी पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
विज्ञापन


जनगणना का आगामी चरण और कार्यक्रम:

16 से 30 नवंबर 2026: नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल/वेबसाइट पर दर्ज कर सकेंगे (स्व-गणना)।

1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027: प्रगणक घर-घर जाकर हर व्यक्ति से संबंधित 40 प्रश्नों के माध्यम से विवरण संकलित करेंगे।

4 जनवरी 2027 की रात: बेघरों की जनसंख्या की विशेष गणना की जाएगी।

5 से 9 जनवरी 2027: डेटा के पुनरीक्षण का दौर चलाया जाएगा।

ऐसे पूरी करें स्वगणना की प्रक्रिया

सबसे पहले se.census.gov.in वेबसाइट खोलें।

राज्य के विकल्प में उत्तर प्रदेश चुनें।

परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें।

मोबाइल पर आए ओटीपी से सत्यापन करें।

अपनी पसंद की भाषा चुनें।

घर का पता और डिजिटल नक्शे पर लोकेशन दर्ज करें।

परिवार के सभी सदस्यों से जुड़े सवालों के जवाब भरें।

सभी जानकारियों की जांच करके फॉर्म सबमिट करें।


बीएलओ के साथ-साथ जनगणना में लगी दी ड्यूटी, शिक्षक परेशान

फिरोजाबाद। विधानसभा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के साथ-साथ जनगणना में एक साथ ड्यूटी लगने के कारण शिक्षक परेशान है। क्योंकि एक साथ दोनों अभियान चलेंगे तो फिर एक साथ दोनों जगह काम करना कैसे संभव होगा। सबसे ज्यादा परेशानी उन शिक्षकों को हो रही है जिनकी जनगणना में ड्यूटी शहर में लगा दी गई। जबकि बीएलओ की ड्यूटी यहां से करीब 40 किलोमीटर दूर जिस स्कूल में पढ़ाते हैं उसी क्षेत्र में लगी है। ऐसे शिक्षक एसडीएम के यहां गुहार लगा रहे हैं ताकि एक काम सही ढंग से संचालित किया जा सके। शिक्षक सतीश चंद्र और अनुभव का कहना है कि प्रशासन शिक्षकों की इस समस्या का समाधान करे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें