सिरसागंज (फिरोजाबाद)। जयपुर से सरसों का तेल लेकर रांची जा रहे ट्रक को बदमाशों ने असलहों के बल पर लूट लिया। चालक व क्लीनर को बंधक बनाकर सुनसान स्थान पर डालकर ट्रक लूट ले गए। ट्रक में करीब 37 लाख रुपये का रुपये सरसों का तेल लदा था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। ट्रक को बिधूना से बरामद कर लिया गया है।
ट्रक चालक विशवर सिंह निवासी सादाबाद ने बताया कि वह क्लीनर अजय निवासी थानूमई थाना जसराना के साथ ट्रक लेकर जयपुर से रांची जा रहा था। ट्रक में करीब 37 लाख रुपये का सरसों का तेल लदा हुआ था। सिरसागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाबा की शाला के समीप कार सवार बदमाशों ने ट्रक को ओवर लोड कर ट्रक को रुकवा लिया। इस बीच कार से उतरे बदमाश ट्रक में सवार हो गए। उन्होंने हथियार तान दिए और ट्रक को अपने कब्जे में कर लिया। कुछ दूर चलने के बाद बदमाशों ने चालक और क्लीनर को बंधक बनाकर सड़क किनारे फेंक दिया और ट्रक लूटकर ले गए।
इसकी जानकारी ट्रक चालक और क्लीनर द्वारा आसपास के लोगों को दी गई। ग्रामीणों की सूचना पर सिरसागंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ट्रक चालक और क्लीनर को अपने साथ थाने ले आई और आलाधिकारियों को पूरे मामले से अगवत कराया। चालक और क्लीनर से पूछताछ कर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज करने के साथ ही ट्रक और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने ट्रक को औरैया जिले के बिधूना थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया। लेकिन उसके अंदर लदा तेल नहीं मिला। थानाध्यक्ष सिरसागंज शिव कुमार चौहान ने बताया कि घटना मंगलवार रात की है। चालक और क्लीनर से पूछताछ की जा रही है। चालक न तो बदमाशों की संख्या बता सका है और न ही बदमाश जिस कार में सवार थे, उसका रंग बता सके। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।