स्टाफ पर अभद्रता का आरोप, बस सीज
- संचालक ने यात्रियों को रोडवेज बस से गंतव्य के लिए किया रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद(फिरोजाबाद)। प्राइवेट बस में सवार स्टाफ द्वारा यात्रियों के साथ अभद्रता की शिकायत पर बस को पीटीओ (यात्रीगण अधिकारी) ने सीज कर दिया। यात्रियों को उतारकर बस को शिकोहाबाद रोडवेज बस स्टैंड में खड़ा करा दिया गया। यात्रियों ने बस स्टैंड पर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बस के चालक-परिचालक से कहा। बस संचालक द्वारा सभी यात्रियों को टिकट देकर रोडवेज बस से गंतव्य के लिए रवाना किया।
न्यू राधिका ट्रैवल्स की जयपुर से बेवर को चलने वाली बस बृहस्पतिवार रात को जयपुर से बेवर के लिए रवाना हुई। यात्रियों ने बताया कि बस में 84 सवारियां थी, जबकि 42 टिकट काटे गए थे। एक सीट पर दो-दो सवारियां बुक कर रखी थीं। जिसको लेकर रास्ते में यात्रियों और बस स्टाफ के बीच कहासुनी हो गई। इस बीच किसी यात्री ने इसकी सूचना संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारी से की। यात्रियों की शिकायत पर पीटीओ दिनेश कुमार ने गाड़ी को शुक्रवार सुबह सात बजे टोल प्लाजा टूंडला पर पकड़ लिया। यहां पर सवारियों का कहना था कि बस स्टाफ सीट मांगने की बात को लेकर अभद्रता कर रहा था। इस पर वह बस को लेकर शिकोहाबाद रोडवेज बस स्टैंड ले लाए। यहां यात्रियों को उतारकर बस को सीज कर दिया। यात्रियों की सूचना पर पहुंची 112 पर तैनात पुलिस कर्मी चालक शैलेंद्र सिंह को अपने साथ थाना ले गए। बस संचालक ने यात्रियों को रोडवेज बस का टिकट दिलाकर गंतव्य के लिए रवाना किया। इस संबंध में एआरटीओ राजेश कर्दम ने बताया कि यात्रियों की सूचना पर पीटीओ दिनेश कुमार ने बस को टूंडला टोल टैक्स पर पकड़कर उसका ओवर लोडिंग में चालान किया है। बस को रोडवेज स्टैंड में खड़ा करा दिया है।