फीरोजाबाद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बसपा सुप्रीमो मायावती के बयान पर कहा कि अटल और मालवीयजी को भारत रत्न का विरोध करके मायावती ने साबित कर दिया है कि वह फिर से तिलक, तराजू और तलवार की ओर लौट रही हैं। यूपी में ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर हमला बोला।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मंगलवार को यहां एक स्थानीय होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मदन मोहन मालवीय और अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न देने का बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा विरोध करना बताता है कि मायावती एक बार फिर सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय को भूल कर तिलक-तराजू और तलवार... की ओर लौट रही हैं। कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए बदायूं रेपकांड के आरोपी थाने का पूरे स्टाफ को बर्खास्त करने की वकालत की। कहा, सपा सरकार की डिक्शनरी में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है।
प्रदेश में सांप्रदायिक दंगों को भड़काने के लिए उन्होंने सपा सरकार को दोषी ठहराया। लवजेहाद के सवाल पर डा. वाजपेयी ने साफ कहा कि भाजपा का इससे कोई लेना देना नहीं है। भाजपा 2017 में होने वाले चुनाव के हिसाब से तैयारी करने में जुटी है। पार्टी सदस्यों की संख्या 77 लाख हो गई है शीघ्र ही यह संख्या एक करोड़ से ऊपर पहुंचेगी। लोकसभा चुनाव के दौरान हुई बूथ कैप्चरिंग के सवाल को टालते हुए वाजपेयी ने कहा विधानसभा चुनाव में कोई बूथ कैप्चरिंग नहीं कर पाएगा। गुटबंदी के सवाल को भी वह टाल गए। क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल, आगरा के पूर्व मेयर बेबीरानी मौर्या, पूर्व सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल, जिलाध्यक्ष अरविंद पचौरी, महानगर अध्यक्ष अनिल भारद्वाज, विधायक मनीष असीजा एवं पार्टी के पदाधिकारी मौजूद थे।