नारखी में कसबा नारखी क्षेत्र के गांव गढ़ी अफो में खलियान की भूमि को सदर तहसील की टीम ने कब्जा मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान कब्जा धारकों की पुलिस प्रशासन से झड़प भी हुई।
थाना नारखी क्षेत्र के गांव गढ़ी अफो निवासी सुरेश चंद्र, छोटे सिंह और भूपेंद्र उर्फ सलीम ने खलियान की भूमि पर पक्के आवासों का निर्माण करा लिया था। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी विजय किरन आनंद से की थी। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर विजय कुमार को जांच करने के आदेश दिए। जांच के दौरान ग्रामीणों के आरोपों को एसडीएम द्वारा सही पाया गया। इसकी रिपोर्ट एसडीएम ने जिलाधिकारी को दी।
डीएम के आदेश पर एसडीएम सदर ने सोमवार को नायाब तहसीलदार कृष्ण मुरारी दीक्षित, राजस्व निरीक्षक केके भारद्वाज, लेखपाल श्याम कुमार, महाराज सिंह, देव कुमार, राजेंद्र व ब्रजेश राठौर पुलिस बल के साथ पहुुंच गए। पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन ने भूमि को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई की तो विरोध शुरू हो गया। कब्जा करने वालों की अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। हालांकि जेसीबी से सभी के कब्जे हटा दिए गए।