सिरसागंज। थाना सिरसागंज क्षेत्र में दो भाई एक मोपेड पर सवार होकर गांव असरोही जा रहे थे। गुंजन चौराहे पर रोड पार करते समय शिकोहाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने मोपेड में टक्कर मार दी। इससे दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकाें के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। साथ ही कार को पकड़कर थाने भिजवाया है।
थाना शिकोहाबाद के आवास विकास कॉलोनी निवासी विजय सिंह (60), विनोद (45) शुक्रवार को घर से मोपेड पर सवार होकर सिरसागंज के गांव असरोही अपनी ननिहाल जा रहे थे। सिरसागंज क्षेत्र के गुंजन चौराहे पर जैसे उन्होंने रोड पार करने का प्रयास किया, तभी शिकोहाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि एक मोपेड सवार विजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित होना शुरू हो गई।
लोगों की सूचना पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर घायल को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर भेज दिया। लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों के शव एक साथ पोस्टमार्टम काे भेजकर कार को कब्जे में लेकर थाने भेजा है। थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।