उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में बुधवार की सुबह परीक्षा देकर लौट रहे छात्र को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्र की मौत हो गई। घटना देख आसपास के लोग भागकर पहुंचे। तब तक कार चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से बात करके घटना की जानकारी ली है।
मामला उत्तर थाना क्षेत्र के बैंदी की पुलिया के पास का है। रामगढ़ निवासी जीशान (18) यहां स्थित नवाब सिंह डिग्री कॉलेज से बीए फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रहा था। बुधवार को उसकी परीक्षा थी। वह परीक्षा देकर घर जाने के लिए बाइक से कॉलेज के बाहर निकला। गेट के सामने ही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ेंः- Agra: न्यूवो लियोन मेक्सिको के गवर्नर ने हवा में उछलकर कराई फोटोशूट, गाइड पर गिरी गाज; एएसआई ने किया बैन
टक्कर लगने के बाद वह वहीं गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तक लोग पहुंचे तब तक आरोपी चालक कार लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान हालत में छात्र को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घर वालों को सूचना मिली तो रोते बिलखते वह भी पहुंच गए।
यह भी पढ़ेंः- UP News: बेटे की हत्या कर थाने पहुंचा पिता, बोला- 'मैंने उसे मार दिया है, मुझे गिरफ्तार कर लो'
सीओ सिटी कमलेश कुमार ने बताया कि कॉलेज के सामने ही हादसा हुआ है। छात्र रॉन्ग साइड से डिवाइडर क्रास करके आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। पिता इरफान ने बताया कि जीशान दो भाइयों में छोटा था। उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। हादसे में युवक के दोनों पैर टूट गए थे। युवक हेलमेट लगाया था। लेकिन, हेलमेट टूट गया है।