संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। रास्ते में खड़ी बाइक को हटाने के लिए कहना ई-रिक्शा चालक को महंगा पड़ गया। बाइक सवार ने ई-रिक्शा चालक के सिर पर ईंट से प्रहार कर दिया। इससे वह लहूलुहान हो गया। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट थाना शिकोहाबाद में दर्ज कराई है।
नौशहरा निवासी सनी 27 फरवरी की सुबह अपने ई-रिक्शा से शटरिंग का सामान लेकर रुकनपुर से मेलावाला बाग जा रहा था। इसी दौरान रूकनपुर में राशिद हलवाई की दुकान के सामने बीच रास्ते में एक पल्सर बाइक खड़ी थी। जब ई-रिक्शा चालक ने बाइक सवार को बाइक हटाने के लिए कहा, तो आरोप है कि बाइक सवार ने ई-रिक्शा चालक के सिर पर ईंट से प्रहार कर दिया। इससे वह खून से लथपथ हो गया। उसकी बेरहमी से पिटाई भी की। घटना के दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई। खुद को घिरता हुआ देखकर बाइक सवार मौके से भाग निकला। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट थाना शिकोहाबाद में दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक की तलाश शुरु कर दी है।