फिरोजाबाद/नारखी। थाना नारखी के गांव राजपुर में मां की गोद से गिरने से एक वर्षीय बालक की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस का कहना है कि पड़ोसी ने डायल-112 पर हत्या की सूचना देने के कारण पोस्टमार्टम कराया है। राजपुर निवासी श्यामवीर का एक वर्ष का बेटा रितिक सोमवार शाम को मां मधु देवी की गोद से खिलाते समय गिर गया था। गिरने से बालक अचेत हो गया। परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इस दौरान किसी पड़ोसी ने घटना की सूचना डायल-112 पर यह बताते हुए दी कि बच्चे के हत्या कर दी है। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक नारखी विनोद कुमार ने कहा कि पड़ोसी ने बच्चे की हत्या करने की सूचना दे दी थी। बच्चा मृत मिला था। इसलिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चा मां की गोद से छूटकर गिरने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इधर, पोस्टमार्टम सूत्रों के मुताबिक बच्चे के सिर में चोट लगने के कारण मौत हुई है। परिजन बच्चे के शव को गांव ले गए।