शिक्षक अश्वनी जैन को सम्मानित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। स्रोत: स्वयं
- फोटो : शिक्षक अश्वनी जैन को सम्मानित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। स्रोत: स्वयं
फिरोजाबाद। जिले बनने के बाद 37 साल का इंतजार के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग को पहली बार राज्य अध्यापक पुरस्कार मिला है। सिरसागंज के श्री महावीर दिगंबर जैन इंटर कॉलेज के नागरिक शास्त्र प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को राष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया।
योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में अश्वनी कुमार जैन को प्रमाण पत्र, 25 हजार रुपये का चेक और मां सरस्वती की प्रतिमा प्रदान की गई। फिरोजाबाद के माध्यमिक शिक्षा विभाग से राज्य अध्यापक पुरस्कार पाने वाले अश्वनी कुमार जैन पहले शिक्षक हैं। हालांकि पूर्व सुरेंद्र सिंह यादव को करीब आठ साल पहले राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया था। डीआईओएस मुदिता पांडेय ने बधाई दी है।
पढ़ाने के तरीके में किया नवाचार
अश्वनी कुमार जैन वर्ष 2006 से शिक्षण कार्य से जुड़े हैं। उन्होंने नागरिक शास्त्र को रुचिकर बनाने के लिए जिले का पहला नागरिक शास्त्र मेला, भारतीय संसद का मॉडल, संविधान प्रस्तावना पाठ, संविधान क्विज और पोस्टर प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां शुरू कीं। स्मार्ट तकनीक और आईसीटी के माध्यम से विद्यार्थियों को संसद की कार्यवाही और लोकतांत्रिक व्यवस्था की जानकारी देने का काम भी किया। इसके अलावा जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक के रूप में उन्होंने जिले के विभिन्न विद्यालयों में एक हजार से अधिक विज्ञान प्रदर्शनियों और गतिविधियों के आयोजन में योगदान दिया।