20 हजार रुपये का इनामी हिमाचल गिरफ्तार
- मक्खनपुर थाना पुलिस ने चोरी की बाइक सहित पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। मक्खनपुर थाना पुलिस ने बिल्टीगढ़ चौराहा के पास से हिस्ट्रीशीटर बीस हजार रुपये की इनामी बदमाश हिमाचल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी की बाइक व तमंचा बरामद किया है।
थानाध्यक्ष मक्खनपुर महेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात वह बिल्टीगढ़ चौराहा के समीप वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर 20 हजार के इनामी बदमाश हिमाचल यादव निवासी ग्राम घोघई थाना नगला खंगर को गिरफ्तार किया। जिसके कब्जे से चोरी की बाइक और तमंचा तथा कारतूस बरामद किए गए। हिमाचल ने अपने साथियों के साथ थाना दक्षिण क्षेत्र स्थित मुकेश ग्लास फैक्ट्री मे 12 दिसंबर 2021 की रात फैक्टरी के चौकीदार की पिटाई कर केमिकल की बोरियां आदि सामान लूट लिया था। तभी से पकड़े गए बदमाश की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे थे। हिमाचल पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। बदमाश के पास से चोरी की जो बाइक बरामद हुई है। इसे दो दिन पहले ओपी ढाबा के पास से चोरी की थी। हिमाचल नगला खंगर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। थानाध्यक्ष मक्खनपुर महेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है।