पिस्टल और दो कारतूस बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
- आरओबी के नीचे बनी रेलवे की कोठरी से पकड़े गए
- मुख्य आरोपी विश्चनाथ के चाचा के पास मिली पुलिस की पिस्टल
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। पीआरवी जवानों से मारपीट, पिस्टल, मोबाइल फोन लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने ढोलपुरा और रुपसपुर के बीच आरओबी के नीचे बनी रेलवे की कोठरी से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से लूटी गई सरकारी पिस्टल, दो कारतूस, ड्राइविंग लाइसेंस व 550 रुपये बरामद कर लिए गए। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश में पुलिस जुटी है।
एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मंगलवार रात गंभीर सिंह, सोनवीर और नैहना उर्फ शिशुपाल निवासी गांव कूपा थाना लाइनपार को आरओबी के नीचे बनी रेलवे की कोठरी से गिरफ्तार किया गया। तलाशी में गंभीर सिंह के पास से पुलिस ने पीआरवी के सिपाही जीत सिंह से लूटी गई सरकारी पिस्टल बरामद कर ली। आरोपियों के पास से दो कारतूस भी बरामद किए गए है। शेष छह कारतूसों और मोबाइल फोन बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों में गंभीर विश्वनाथ का चाचा, सोनवीर और नैहना परिवार के ही हैं। सभी को जेल भेज दिया गया है। इस दौरान सीओ सिटी हरिमोहन सिंह, कोतवाल रामगढ़ हरर्वेंद्र मिश्रा, एसओजी प्रभारी रवि त्यागी के साथ थानाध्यक्ष उत्तर संजीव कुमार दुबे भी मौजूद रहे।
गांव में ताले, पलायन कर गए लोग
घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद गांव कूपा में बुधवार को भी सन्नाटा पसरा है। ग्रामीण परिवार के साथ गांव से पलायन कर चुके है तो उनके पशुओं की देखभाल दूसरे गांव के लोग कर रहे हैं। ग्रामीणों को इस बात का खौफ है कि कहीं पुलिस उनको भी जेल न भेज दें।
वारदात के बाद खेतों में थे अपराधी
पुलिस गिरफ्त में आए गंभीर सिंह ने बताया कि घटना के बाद वह अपने साथियों के साथ गांव से कुछ ही दूरी पर गेहूं के खेतों में लेटा रहा। घटनास्थल पर पहुंच रही पुलिस की गाड़ियों की लाइटें देखकर एहसास हो रहा था कि मामला बढ़ गया है।