फिरोजाबाद। नियमित निरीक्षण नहीं करने, संबंधित क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों को हॉट कुक्ड भोजन उपलब्ध कराने में लापरवाही के चलते एक बाल विकास परियोजना से जुड़ी मुख्य सेविका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय पर स्पष्टीकरण नहीं देने पर निलंबन की चेतावनी दी गई है।
जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने गत दिनों नगला श्रोती स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया था। इस दौरान मौके पर केवल 10 बच्चे मौजूद मिले। केंद्र पर गर्भवती महिलाओं को लगने वाले टीकाकरण रजिस्टर, कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों से जुड़े विवरण रजिस्टर नहीं मिले। केंद्र पर पंजीकृत बच्चों ने कई दिन से हॉट कुक्ड भोजन नहीं मिलने की शिकायत की।
जबकि हॉट कुक्ड तैयार करने हेतु आवश्यक राशि केंद्र द्वारा जारी की जा चुकी है। डीएम के निरीक्षण में मुख्य सेविका द्वारा केंद्रों का नियमित निरीक्षण नहीं किए जाने की बात भी प्रकाश में आई। जिलाधिकारी के निर्देश पर डीपीओ आभा सिंह ने मुख्य सेविका रश्मि देवी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह में मय साक्ष्य स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। अन्यथा की स्थिति में निलंबन की चेतावनी दी गई है। संवाद