फिरोजाबाद। एडीजे कोर्ट ने थाना मक्खनपुर के लगभग 19 साल पुराने अपहरण, फिरौती और पुलिस मुठभेड़ के मामले में सातों अभियुक्तों मनोज यादव, संतोष, सुरेंद्र, गुड्डू सिद्दकी, बिजनेश, अखिलेश और अजय यादव को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया है। सुनवाई के दौरान मुख्य अपहृत शिक्षक व गवाह अदालत में अभियोजन पक्ष के समर्थन में गवाही से मुकर गए थे, जिससे आरोपियों को संदेह का लाभ मिला।
वादी अनिल कुमार मिश्रा ने थाना मक्खनपुर में 4 नवंबर 2007 को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके 58 वर्षीय पिता सत्यप्रकाश मिश्रा, जो सिरसागंज के एक विद्यालय में अध्यापक थे, 27 अक्तूबर 2007 को स्कूल पढ़ाने गए थे लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद जब उनका पता नहीं चला, तो अज्ञात लोगों के खिलाफ धन के लालच में अपहरण किए जाने का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिक्षक सत्यप्रकाश को बरामद करने का दावा किया और इस मामले में रामवीर, मनोज यादव, संतोष उर्फ हड्डा जाटव, सुरेंद्र यादव, गुड्डू सिद्दकी, बिजनेश उर्फ भुल्ला, अखिलेश उर्फ पतरा और अजय यादव उर्फ पालू को आरोपी बनाया था। इसके अलावा 15-16 नवंबर 2007 की रात पुलिस मुठभेड़ और बलवा, जानलेवा हमला तथा अभियुक्तों से अवैध तमंचे बरामद होने के आधार पर आयुध अधिनियम के तहत भी अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे, जिनकी सुनवाई एक साथ चल रही थी। विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष अपने आरोपों को साबित करने के लिए अदालत में पुख्ता सबूत पेश नहीं कर सका। मुख्य गवाह व अपहृत शिक्षक सत्यप्रकाश मिश्रा अदालत में अपने बयानों से मुकर गए। उन्होंने कोर्ट में अभियुक्तों को देखकर कहा कि इनमें से किसी भी व्यक्ति ने उनका अपहरण नहीं किया था।