फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू होने में दो दिन का समय शेष रह गया है। इसके लिए विभाग ने तैयारियाें को पूरा कर लिया है। 107 केंद्रों पर जहां अलर्ट घोषित कर दिया है। परीक्षा सामग्री पर सुरक्षा बढ़ा दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेंद्र कुमार ने बृहस्पतिवार की रात कई केंद्रों के स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। साथ ही परीक्षा के दौरान लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इस बार बोर्ड परीक्षा में 72 हजार परीक्षार्थी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में पंजीकृत हैं। डीआईओएस ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को गाइड लाइन जारी कर दी है। 3500 कक्ष निरीक्षक व अन्य कर्मचारी केंद्रों पर लगाए गए हैं। छह सचल केंद्रों पर निरीक्षण करने के लिए बनाए गए हैं। केंद्रों पर नजर रखने के लिए पंचायत रिसोर्स सेंटर में मुख्य कंट्रोल रूम बनाया है।
बताया कि केंद्रों पर पांच जोनल मजिस्ट्रेट लगाए हैं। इसके अलावा 107 अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक भी हैं जो परीक्षार्थियों पर पूरी नजर रखेंगे। जिले में कोई भी संवेदनशील व अति संवेदनशील नहीं हैं। केंद्रों पर पूरी तरह से अलर्ट घोषित किया है। एसटीएफ व एलआईयू भी परीक्षाओं को लेकर सतर्क है।
वहीं, दूसरी ओर सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संबंधित सभी सामग्री पहुंचा दी गई है। प्रश्न पत्रों को केंद्र में बने स्ट्रांग रूम में रखवाया गया है, जहां पर 24 घंटे पुलिस कर्मी की डयूटी रहेगी। केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों को फिरोजाबाद के अलावा आगरा जेडी कार्यालय, लखनऊ तक कनेक्ट किया है। केंद्रों पर सभी प्रकार की उत्तर पुस्तिकाएं व अन्य सामग्री केंद्र व्यवस्थापकों के हवाले है। जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा के दौरान चार स्तर से निगरानी रखी जाएगी।
परीक्षा को गाइड लाइन अनुसार कराने के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। केंद्रों पर एक दिन पहले सीटिंग प्लान लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि छात्राओं के लिए स्वकेंद्र प्रणाली लागू है, जिन पर केवल छात्राएं परीक्षाएं देंगी। ऐसे केंद्रों पर महिला स्टाफ लगाया गया है। परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद उन्हें केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। केंद्रों पर किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।