टूंडला। आगरा से टूंडला की ओर आने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पुरानी एलआईसी बिल्डिंग के पास सर्विस रोड को चौड़ा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे इस मार्ग पर आए दिन लगने वाले भीषण जाम से लोगों को निजात मिलेगी। सर्विस रोड के तीन मकानों को ध्वस्त करने के लिए नोटिस जारी होने के बाद भवन स्वामियों ने स्वयं ही अपने निर्माण हटाना शुरू कर दिया है।
बताते चलें कि आगरा से टूंडला आने वाले सर्विस रोड पर पुरानी एलआईसी बिल्डिंग के निकट यह रोड अत्यंत संकरा है। इसके चलते वाहनों का दबाव बनते ही जाम लग जाता था तथा आए दिन हादसे भी होते थे। वाहन चालकों की इस समस्या का संज्ञान लेते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ कराया है। आईआरबी कंपनी के महाप्रबंधक हरप्रीत सिंह ने बताया कि प्रभावित मकान स्वामियों को एनएचएआई द्वारा वर्ष 2016 में ही मुआवजा दिया जा चुका है। जिन तीन मकानों को नोटिस दिए गए हैं, वहां सड़क सबसे अधिक संकरी थी और वाहन अक्सर फंस जाते थे। यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए न केवल सर्विस रोड को चौड़ा किया जाएगा, बल्कि वहां स्थित खुले नाले को भी पूरी तरह से बंद कराया जाएगा, ताकि किसी दुर्घटना की आशंका न रहे। सर्विस रोड के चौड़ा होने से हाईवे से आने-जाने वाले वाहन चालकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।