बरसात से बचने को छाता लगाकर जाता युवक। संवाद
- फोटो : बरसात से बचने को छाता लगाकर जाता युवक। संवाद
फिरोजाबाद। जिले में मंगलवार को मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव ने लोगों को फिर से ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। मंगलवार को हुई बूंदाबांदी और सर्द हवाओं ने एक बार फिर जनवरी के पहले सप्ताह की सर्दी की याद दिला दी। न्यूनतम तापमान 12.6 और अधिकतम 23.1 दर्ज किया गया।
मंगलवार सुबह तक मौसम सामान्य था, लेकिन दोपहर से पहले अचानक धूल भरी तेज आंधी चलने लगी। इसके कुछ देर बाद ही हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। देखते ही देखते शहर और ग्रामीण इलाकों में ठंडी हवाओं का जोर बढ़ गया। 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद बारिश हुई, जो कि शाम तक बूंदाबांदी के रूप में जारी रही। अचानक हुई इस सर्दी के कारण लोग एक बार फिर भारी गर्म कपड़ों (स्वेटर और जैकेट) में लिपटे नजर आए। बूंदाबांदी के चलते सड़कों पर हल्की फिसलन की स्थिति बनी रही, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि रुक-रुक कर रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
किसानों की बढ़ी चिंता
मौसम के कारण किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, जहां हल्की बूंदाबांदी फसलों के लिए अमृत के समान है, वहीं तेज हवाओं के साथ बारिश होने पर सरसों और गेहूं जैसी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे अचानक हुए इस तापमान परिवर्तन से सावधान रहें, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाएं।