प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ही पार्टी नेताओं से कहा था कि नोटबंदी को सर्जिकल स्ट्राइक से न जोड़ा जाए, लेकिन इसके अगले ही दिन भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान नोटबंदी को भ्रष्टाचार और कालेे धन पर सर्जिकल स्ट्राइक बताया।
वह बुधवार को शहर के एक होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कोई स्वयंसेवक ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा होगा। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि नोटबंदी उनके खिलाफ है जो आतंकवाद फैलाते हैं, नकली करेंसी चलाते हैं, नशे का कारोबार करते हैं, गरीबों का पैसा बंद कमरों व गद्दों में छिपाकर रखते हैं। नोटबंदी को पूरे देश में अपार जनसमर्थन मिल रहा है। टूंडला में उन्होंने कहा कि नोटबंदी से सबसे ज्यादा परेशानी बसपा की मुखिया मायावती को हो रही हैं, उनकी सारी काली कमाई बेकार होती दिख रही है। विधायक सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार केंद्र की नीतियों को लागू करने में सबसे बड़ी बाधा है। गरीबों के लिए खाद्य सुरक्षा कानून लागू किया, परंतु आज तक गरीबों को राशन तो दूर राशनकार्ड तक नहीं मिले। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी पर देश की जनता का पूरा सहयोग मिल रहा है। थोड़ी परेशानी जरूर हो रही है परंतु वह भी समाप्त होने को है। यात्रा संयोजक सुरेश अवस्थी ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ओबीसी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने कहा कि परिवर्तन यात्रा को जनता का जो अपार समर्थन मिल रहा है उससे साफ हो गया है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
यात्रा के दौरान ये रहे मौजूद
फ ीरोजाबाद में जिलाध्यक्ष बीएल वर्मा, महानगर अध्यक्ष कन्हैया लाल गुप्ता, मीडिया प्रभारी शिवबोधन मिश्रा, नगर विधायक मनीष असीजा, पूर्व विधायक शिवसिंह चक, भानु प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष डा. एलएन यादव, शिवमोहन श्रोती, युवा मोर्चा के महानगर संयोजक अंकित तिवारी आदि मौजूद रहे।
रास्ते में हुआ जोशीला स्वागत
फीरोजाबाद से टूंडला के लिए रवाना हुई यात्रा का रास्ते में रिजावली, नगला बीच, पचोखरा, बछगांव आदि पर स्वागत किया गया। इस दौरान आकाश शर्मा, उदयप्रताप सिंह, जयजीव पाराशर, पुष्पेन्द्र गुप्ता, वृंदावन गुप्ता, दीपक चौधरी, दिनेश गुप्ता, अवधेश पालीवाल, संदीप श्रीवास्तव, सुनील शर्मा, जगन सेठ, सुशील चक, आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।