मंगलवार रात दिल्ली-कानपुर रेलखंड पर एक और रेल हादसा होने से बच गया। रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से कोच में आई खराबी को समय रहते ठीक करा लिया गया। इसके चलते श्रमशक्ति एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे खड़ी रही। रात करीब एक बजकर 10 मिनट पर अप लाइन की श्रमशक्ति एक्सप्रेस कानपुर से चलकर अमियापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने ही वाली थी कि तभी कोच नंबर बी-1 के यात्रियों को कोच के नीचे से तेज आवाज आने व कोच के हिलने जैसा महसूस हुआ। यात्रियों ने तत्काल ट्रेन में चल रहे रेलवे स्टाफ को जानकारी दी। स्टाफ ने मुख्य नियंत्रण कक्ष टूंडला को अवगत कराते हुए ट्रेन को अमियापुर रेलवे स्टेशन पर रोक दिया। साथ ही टीएक्सआर डिपार्टमेंट की टीम को मौके पर रवाना किया। टीम ने मौके पर पहुंच कर पूरी ट्रेन व बी-1 कोच को बारीकी से चेक किया तथा कोच में आई तकनीकी खराबी को दुरुस्त किया। इसके बाद ट्रेन को रात साढ़े तीन बजे के करीब आगे बढ़ाया गया। इस दौरान यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा।