खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। नमामि गंगे प्रोजेक्ट के कार्यस्थल से 18 लाख की कीमत के पाइप चोरी करने वालों की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। सीसीटीवी कैमरों में चोर डीसीएम को बल्लभगढ़ और फरीदाबाद की ओर जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस की दो टीम चोरों की तलाश में कई जिलों में दबिश दे रही हैं।
थाना रसूलपुर के लालपुर आसफाबाद निवासी रिषभ कुमार धैर्य कंस्ट्रक्शन फर्म के संचालक हैं। वह एल एंड टी फर्म के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम करवा रहे थे। नौ जुलाई की रात को स्टोर से लोहे के पाइप लेकर खैरगढ़ के श्यावरी पंचायत के दरकपुर में उतरवाया था। जिसे 10 जुलाई की रात करीब दो बजे चोरी डीसीएम से चोरी कर ले गए। जिसमें काफी जद्दोजहद के बाद रिपोर्ट दर्ज हो सकी थी। मामले में पुलिस पर ढिलाई बरतने के आरोप भी लगे थे। अब पुलिस की दो टीमें चोरों की तलाश में आगरा, मथुरा, बल्लभगढ़, फरीदाबाद में डेरा डालकर दबिश दे रही हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में डीसीएम बल्लभगढ़, फरीदाबाद की ओर जाते दिखी है। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।