रफ़रोजाबाद ! एलान नगर में डेंगू के मरीज बढ़ने के बाद दवा का वितरण करती स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। कोरोना के बाद अब वायरल और डेंगू लोगों की सेहत बिगाड़ रहा है। घर-घर वायरल से पीड़ित मरीज हैं। मौसम के उतार चढ़ाव में बीमारियों ने बच्चों को भी घेर लिया है। निजी और सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। रक्षाबंधन के दिन भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें वायरल से प्रभावित इलाकों में पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कैंप लगाकर दवा का वितरण किया।
एलान नगर में वायरल से पीड़ित बड़ी संख्या में मरीज हैं। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की दो टीमों ने यहां पहुंचकर दवा का वितरण किया। आशाएं, एएनएम वायरल से पीड़ित मरीजों के घरों पर पहुंचकर सेहत का हाल जानने पहुंची। वहीं गांव नगला अमान में दो लोगों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम फिर सक्रिय हो गई है।
यहां भी टीम ने रविवार को दवा का वितरण किया। हालांकि बड़ी संख्या में मरीज शहरी क्षेत्रों में निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। इधर, वार्ड नंबर 18 मुस्तफाबाद क्षेत्र में डेंगू से बालिका की मौत के बाद टीम क्षेत्र में पहुंची। एसीएमओ डॉ. पवन कुमार ने मृतक के परिजनों का हालचाल जाना। उन्होंने मृत बालिका के निजी अस्पताल में चले इलाज की रिपोर्ट को देखी।
- हमारी टीमें रविवार को भी नगला अमान, एलान नगर में कैंप किया। हम भी वार्ड नंबर 18 मुस्तफाबाद में मृत बालिका के घर गए। लोग सावधानी बरतें। वायरल से पीड़ित मरीज मिलने वाले इलाकों में टीम भेजकर दवा का वितरण किया जा रहा है।
डॉ. पवन कुमार, एसीएमओ