फिरोजाबाद। सिरसागंज तहसील के रुधैनी में 75 बीघा विवादित जमीन प्रकरण में आखिरकार शनिवार को लेखपाल एवं ईआरके अभिलाख सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जबकि इसके जिम्मेदार अन्य अधिकारियों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सिरसागंज तहसील क्षेत्र के गांव रुधैनी स्थित 75 बीघा जमीन प्रकरण के उजागर होने के बाद डीएम रमेश रंजन ने सीडीओ दीक्षा जैन की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की थी। इस कमेटी में एडीएम विशुराजा, एसडीएम मुख्यालय शिव ध्यान पांडेय एवं डीजीसी राजस्व विभाग को शामिल किया था। टीम ने जांच रिपोर्ट शुक्रवार की देर शाम जिला प्रशासन को सौंप दी थी। डीएम ने इस जांच को शासन को भेज दिया था।
शासन के निर्देश पर ही वर्तमान एसडीएम सिरसागंज आदेश सिंह सागर ने तहसील में तैनात ईआरके एवं लेखपाल अभिलाख सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जबकि इस प्रकरण में शामिल तत्कालीन एसडीएम सिरसागंज विवेक राजपूत, नायब तहसीलदार नवीन कुमार के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इधर एसडीएम सिरसागंज आदेश सिंह सागर का कहना है कि ईआरके एवं लेखपाल अभिलाख सिंह को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।