दो ऑटो टकराए, बाबा की मौत, बेटा-पोता समेत तीन घायल
मोहम्मदाबाद के निकट शुक्रवार देर रात हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना टूंडला क्षेत्र के अंतर्गत मोहम्मदाबाद के निकट शुक्रवार देर रात दो ऑटो की टक्कर में बाबा की मौत हो गई। पुत्र और पोता व ऑटो चालक घायल हो गया। पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है
झारखंड राज्य के जिला लतीफपुर निवासी भारत शाह (70) अपने पुत्र चंद्रदेव प्रसाद और पोते आराध्य के साथ मथुरा दर्शन करने के लिए आए थे। वह आगरा तक किसी वाहन में सवार होकर आए। वहां से घर वापस जाने के लिए टूंडला रेलवे स्टेशन के लिए उन्होंने ऑटो किया। इसमें तीनों लोग सवार हो गए ऑटो टूंडला क्षेत्र के अंतर्गत मोहम्मदाबाद के समीप पहुंचा ही था तभी तेजगति से आ रहे एक दूसरे ऑटो ने टक्कर मार दी। इससे ऑटो सवार चारों लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस घायलों को उपचार को जिला अस्पताल लाई। यहां चिकित्सक ने वृद्ध भरतशाह (70)को मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे चंद्रदेव प्रसाद, पोते आराध्य एवं ऑटो चालक सलीम पुत्र आशिक अली निवासी खेरिया थाना शाहगंज आगरा को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। मृतक वृद्ध का शव का पोस्टमार्टम करके परिजन को सौंप दिया।
छह लोग घायल
शिकोहाबाद। क्षेत्र में दो सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। हादसे में शनिवार सुबह हुए। थाना नगला खंगर के गांव नगला गुलाल निवासी अरविंद (25) पुत्र राम विलास अपनी पत्नी ममता देवी (22) पुत्र साहिल (7) और नयन (3) को बाइक पर बैठा कर जलेसर जात कराने निकले। जब उसकी बाइक आरौंज की पुलिया के समीप पहुंची, तभी तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आए। हादसे में चारों लोग घायल हो गए। वहीं आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आगे जा रहे ट्रक में पीछे आ रहा ट्रक टकरा गया। हादसे में ट्रक के चालक प्रताप सिंह निवासी लाइव स्टार डेवलपमेंट, लखनऊ और मोहम्मद आजाद निवासी जुगल गंज करोल मालरोड लखनऊ घायल हो गये। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।