शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सोमवार सुबह जयपुर से बिहार जा रही एक प्राइवेट बस को नगला खंगर क्षेत्र में पीछे आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बस में सवार छह यात्री घायल हो गए। इनमें से तीन घायलों को संयुक्त चिकित्सालय भेजा। यहां से तीनों को फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जयपुर से यात्रियों को लेकर सिवान (बिहार) जा रही बस (आरजे 21 पीए -5217) में सुबह करीब सात बजे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी भाग गए। बस के पीछे की ओर बैठे छह यात्री घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को संयुक्त चिकित्सालय भेजा। इनमें वीरेंद्र (32) पुत्र जोगेंद्र पासवान निवासी भिलावा, मोतिहारी, सीमादेवी (34) पत्नी दीनानाथ निवासी मधुवनी, अर्जुन (26) पुत्र नरायन साहनी निवासी वृंदावन मोतिहारी हैं।
बाकी तीन सामान्य घायलों और अन्य सवारियों को पीछे आ रहीं गाड़ियों से गंतव्य के लिए रवाना किया। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि गंभीर घायलों को उपचार के लिए भेजा दिया है। बाकी तीन को मामूली चोट आई हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।