अब भतीजी ने भी तोड़ा दम
सोमवार को बाइक से परीक्षा देने जा रही थी चाचा के साथ
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। सोमवार को नगला खंगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दोहिया पुल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हुई छात्रा ने मंगलवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। छात्रा का उपचार ट्रॉमा सेंटर में चल रहा था। छात्रा के चाचा की मौत सोमवार को हो गई थी। वहीं बाबा की मौत पांच मई को हुई थी। पांच दिन में तीन मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है।
नगला खंगर थाना क्षेत्र के गांव नगला गुलाल निवासी अविनाश कुमार (26) सोमवार को बाइक से भतीजी सुरभि को परीक्षा दिलाने को शिकोहाबाद लेकर आ रहे थे। सुरभि बीएससी फाइनल कर रही थी। सोमवार को उसका बॉटनी का पेपर था। चाचा और भतीजी अज्ञात वाहन की टक्कर से दोहिया पुल के समीप घायल हुए थे। अविनाश ने सोमवार को ही दम तोड़ दिया था। सुरभि का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा था। मंगलवार को अविनाश के शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस परिजन को सौंपती तब तक सुरभि की भी मौत हो गई। 24 घंटे के अंदर चाचा और भतीजी की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन ने बताया कि अविनाश के पिता की मौत पांच मई को हुई थी। थानाध्यक्ष नगला खंगर तेजवीर सिंह का कहना है कि जिस मैक्स जीप ने बाइक में टक्कर मारी थी। उसे पकड़ लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। सोमवार को अविनाश की मौत के साथ ही मंगलवार को सुरभि की भी मौत हो गई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
एक ही दिन हुए चाचा और भतीजी के शव के पोस्टमार्टम
अविनाश की मौत सोमवार दोपहर बाद हुई थी। इस कारण सोमवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। मंगलवार को नगला खंगर पुलिस अविनाश के शव का पोस्टमार्टम कराकर चुकी ही थी कि तब तक सुरभि ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने आनन फानन में सुरभि के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। जिससे दोनों शवों का अंतिम संस्कार हो सके।
दुर्घटना करने वाले वाहन में मिली शराब की बोतलें
पुलिस की मानें तो अविनाश की बाइक में मैक्स जीप ने पीछे से टक्कर मारी थी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया था। मैक्स जीप को पुलिस ने कब्जे में लिया। जीप की तलाशी के दौरान अंग्रेजी शराब की नौ बोतल पुलिस ने जीप के अंदर से बरामद की। थानाध्यक्ष नगला खंगर तेजवीर सिंह का कहना है कि चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।